मंगलवार, 29 दिसंबर 2009

भविष्यफल 2010मेष/Aries(22 मार्च- 21 अप्रैल)


मेष/Aries(22 मार्च- 21 अप्रैल)



भूमध्य रेखा से 23



डिग्री उत्तर की ओर यह राशि स्थित है जो अश्वनि , भरणी और कृतिका नक्षत्रों को मिलाकर बनी है। यह मेढ़ यानी बकरी की आकृति जैसी प्रतीत होती है। अंग्रजी में इसे एरीज कहते हैं। यह राशि बलिदान और त्याग की प्रतीक मानी गई है। इस राशि के अंतर्गत पैदा हुआ जातक लम्बा , दुबला , किन्तु बलिष्ठ शरीर का , चेहरे पर चिन्ह वाला और लालिमापूर्ण चेहरे से युक्त होता है। अक्सर इसकी आंखें लाल और गोल होती हैं और घुंघराले और कठोर बाल इसकी विशेषता होती है। यह जल्दी जल्दी भोजन करने वाला और गर्म आहार का शौकीन होता है। इसे शाक-भाजी विशेष प्रिय होती है। ऐसा मनुष्य चंचल , क्रोधी और उग्र स्वभाव का अत्यन्त साहसी , उद्योगी कर्तव्य परायण हमेशा नेतृत्व करने का अभिलाषी और स्वतन्त्र विचारों वाला होता है। यह पुरुष नवीन विचारों का स्वागत करने वाला, अभिनव योजनाओं से सम्बद्ध प्रतिभाशाली बचपन और लड़कपन में शरारती और जवानी में घुमक्कड़ किस्म का होता है। बिजनस में इसे काफी तरक्की मिलती है। इसे अग्नि और लोहे से भय रहता है। इस राशि में पैदा हुए व्यक्ति 18 वें , 21 वें , 30 वें और 36 वें वर्ष में विशेष भाग्योदय देखते हैं और ख्याति व सम्पत्ति अर्जित करते हैं।







मेष राशि वालों को जंगल, पर्वत, भूमि, इलेक्ट्रिकल्स का संचालन और सेना आदि का नेतृत्व प्रधान काम प्रिय है। इस राशि वाले व्यक्ति खेती या बागबानी से पैदा होने वाली वस्तुओं से लाभ प्राप्त करते हैं। ऐसा व्यक्ति सेनापति, इंजीनियर, मकैनिक, सर्जन, वैज्ञानिक, ऐक्टर या डायरेक्टर, रिसर्चर, कम्प्यूटर ऑपरेटर, ऐनालिस्ट, क्लर्क या डिफेंस जॉब्स में जा सकता है। अगर सूर्य और बृहस्पति शुभ हों तो मेष राशि का व्यक्ति प्रशसनिक अधिकारी या राजनीति में भी महत्वपूर्ण पद प्राप्त कर सकता है। अगर शनि खराब हो तो इन्हें साधारण स्तर के व्यवसाय या नौकरी से जीवन आरम्भ करना पडता है। बाद में अपने बलबूते पर तरक्की कर लेते हैं।






सूर्य इस राशि पर 13 अप्रैल से 14 मई तक स्थित हो तो व्यक्ति का रंग गोरा होता है। उदारता और शौर्य उसका प्राकृतिक गुण होता है। इसके अलावा वह राजसी ठाठ-बाट वाला भी होता है। यह व्यक्ति राज्य में विशेष सम्मान और पद का अधिकारी बनता है।


इस राशि के व्यक्ति को जीवन के शुरुआती दौर में संघर्ष करना पड़ता है, लेकिन जीवन का उत्तरार्ध यानि 35- 40 साल बाद का समय सुखमय होता है।







कैसा रहेगा यह वर्ष 2010






वर्ष 2010 की शुरुआत में आपकी राशि का स्वामी मंगल अष्टम राशि में बुध, शुक्र और प्लूटो के साथ योग कर रहा है। सूर्य की नवम भाव की स्थिति 14 जनवरी के बाद बदल जाएगी। नतीजतन जनवरी उत्तरार्ध से आपके ग्रहयोग पॉजिटिव ट्रेंड लेने लगेंगे। गुरु ग्रह की स्थिति अप्रैल 2010 तक एकादश और उसके बाद द्वादश भाव में रहेगी। राहु पूरे साल नवम भाव में रहेगा, जबकि केतु तीसरे भाव से आपकी राशि में वक्र गति से संचार करेगा। पूरे साल शनि ग्रह छठे भाव में, हर्षल द्वादश और नेपचून एकादश भाव में विचरण करता रहेगा। साल की शुरुआत तीसरे चन्द्र से हो रही है, इसलिए यह साल आपके लिए सूझबूझ और संतुलित जीवन पद्धति का प्रतीक बनेगा।






वैसे तो आपकी राशि का स्वामी मंगल आपके लिए सदैव एक साहसी और सक्रिय ग्रह बनकर अपनी भूमिका अदा करता है, लेकिन शुरुआती दौर में कुछ आर्थिक तनाव और पारिवारिक समस्याओं का दौर बना ही रहेगा। जनवरी के उत्तरार्ध से स्थितियां बदलने लगेंगी। भाग्य का सहारा मिल सकता है और कई प्रकार के उलझे मामले सुलझने लगेंगे। फरवरी और मार्च महीनों में आमदनी में बढ़ोतरी होने लगेगी और पिछले कर्ज से छुटकारा मिलने से उत्साह बढ़ेगा।






राहु-केतु के कारण आपका जीवन साथी भी इस साल के पूर्वार्ध में स्वास्थ्य सम्बन्धी विकारों से ग्रह पीड़ा का शक जाहिर कर सकता है, इसलिए जीवन साथी या परम प्रिय के लिए की गई दुआ, मन्नत या पूजा पाठ का पॉजिटिव असर होगा और आगे चल कर आपके सम्बन्ध और भी प्रगाढ़ होते जाएंगे। बृहस्पति का गोचर कारोबार व्यापार आदि के लिए तो अच्छा ही रहेगा परन्तु किसी न किसी विरोधी या शत्रु का प्रकोप आपको आए दिन व्यग्र और परेशान रखेगा। धैर्य और कूटनीति के जरिए ही आप अपने विरोधियों को धूल चटा सकते हैं।






सितंबर से आगे के समय में आपके दुश्मन नदारद हो जाएंगे। यदि आप किसी प्रकार के प्रफेशनल करियर से जुड़े हैं तो शनि ग्रह इस साल आपको अच्छे अवसर प्रदान करेगा। विदेश यात्रा या फिर पढ़ाई-लिखाई के जरिए भी आप अपने भाग्य को चमका सकते हैं। फिलहाल शनि ग्रह का अशुभ दौर तो थम गया है, लेकिन गफलत और नादानी में कुछ ऐसे काम आपके पल्ले पड़ सकते हैं जो आगे चलकर आपके लिए सिरदर्द बन सकते हैं। इसके लिए बेहतर होगा आप किसी प्रकार के फैसले लेने में जल्दबाजी न करें।







महिलाओं को यह साल बहुत अच्छा है। प्रतिबद्ध जीवन का शुभ परिणाम मिलेगा और धन सम्पदा की कमी नहीं रहेगी। युवाओं के लिए वर्ष उत्तम है। रोजगारपरक वातावरण मिलेगा। सेना पुलिस या प्राइवेट सेक्टर में अच्छे पद और काम को मान्यता मिलेगी। स्टूडेंट्स के लिए वर्ष अनुकूल है लेकिन कठिन परिश्रम की जरूरत पड़ेगी।







महीनेवार भविष्य






जनवरी: यह महीना पूर्वार्ध में कर्ज और रोग की वृद्धि करा सकता है। जिन जातकों को शनि या राहु-केतु का जन्मकालीन दुष्प्रभाव झेलना पड़ रहा है उनके लिए समय कुछ अलगाव सूचक स्वजनों एवं परिजनों से मतभेद बढाने वाला, लेकिन दोस्तों के आश्रय से लाभ देने वाला भी होगा। बाद के हिस्से में आपके जूनियर्स और दोस्त बहुत काम आएंगे। साम-दाम-दण्ड-भेद से आप अपने रास्ते के कांटे को हटा सकने में कामयाब रहेंगे। आगे के अच्छे समय की आशा में इस दौरान खूब काम करने की प्रवृत्ति बनेगी।







फरवरी: इस महीने के पहले हिस्से में दशम सूर्य की स्थिति कुछ हद तक कर्ज और धन हानि की आशंका पैदा करती है। कामकाज के बीच में सीनियर्स और अधिकारियों का हस्तक्षेप रहेगा। नुक्ताचीनी करने वाले बढ़ जाएंगे और छोटे से काम के लिए भी अवांछित व्यक्तियों से याचना करनी पड़ेगी। बाद के हिस्से में स्थितियां कुछ बदलने लगेंगी। जोड़-तोड़ के बाद जरूरी खर्चे पूरे हो जाएंगे। जोखिम और सट्टे-जुए की प्रवृत्ति बनेगी।







मार्च: इस महीने का पहला हिस्सा यात्रा में खर्च लेकर आएगा। कुछ ‘ एक पन्थ दो काज ’ जैसे मामले सिद्ध हो जाएंगे। दोतरफा लाभ के अवसर मिलेंगे। अच्छे और बुरे लोगों से वास्ता पड़ेगा। समय की गति के अनुसार चलने से तत्काल लाभ होगा। अनेक जातकों को धार्मिक उत्सव और सभा समारोह के आमंत्रण मिलेंगे। देश-विदेश से सम्पर्क बढ़ेगा। सरकार या शासन से लाभदायक प्रसंग प्रतिवेदन प्राप्त होंगे। बाद का हिस्सा काफी लाभ देने वाला होगा। चारों तरफ लाभकारी अवसर आपकी प्रतीक्षा करेंगे। बिगड़े हुए काम बिना प्रयास के ही बनते हुए दिखाई देंगे , जबकि हल्के फुल्के प्रयास से दोगुनी सफलता सुनिश्चित होगी।







अप्रैल: इस महीने का पहला हिस्सा सफलतासूचक घटनाओं का समावेश लिए रहेगा। प्रचार प्रसार के माध्यम आपके नाम और काम को चमका सकते हैं। कुछ जातकों के मांगलिक कार्य भी इस प्रकार से सफल होंगे। नए प्रभावशाली मित्रों से व्यावसायिक हितसाधन होगा या व्यवसाय के कारण नए नए दोस्त बनेंगे। बाद के हिस्से में धन, आभूषण, उपकरण, मशीनरी आदि का लाभ होगा। जो जातक चल या अचल सम्पत्ति की खरीद करना चाहते हैं उनके लिए भी यह महीना आशानुकूल सिद्ध होगा।







मईः इस महीने का पहला हिस्सा करियर सुधारने के लिए कुछ दिमागी कामों में व्यस्त रखेगा। घर परिवार के सदस्यों की प्रमोशन होगी। परिवार के बुजुर्ग सदस्य आपके लिए कृपाकारक साबित होंगे। विरोधियों के साथ मतभेद खत्म होंगे। स्वार्थ सिद्धि के लिए घटिया लोगों से सम्पर्क स्थापित करने होंगे। इस महीने के बाद वाले हिस्से में किसी विशिष्ट व्यक्ति से सम्पर्क जुड़ेगा। किसी महत्वपूर्ण मामले में मित्रों की सहायता करने से आपकी धाक जमेगी। सद्भावनाओं के साथ साथ किसी सुविधा शुल्क से भी लाभान्वित होंगे। यदि आप किसी सार्वजनिक काम से जुड़े हैं तो इस दौरान दूसरों का काम करके आप अपनी आर्थिक समस्याएं दूर कर सकते हैं।







जून: इस महीने का पूर्वार्ध कुछ लाभकारी है, लेकिन चलते हुए कामों में रुकावट पैदा कर सकता है। विरोधी और प्रतिद्वन्द्वी यहां तक कि पड़ोसी भी आपाकी शान-ओ-शोकत देखकर चकित हो सकते हैं। यात्रा के दौरान लापरवाही से चोट लग सकती है या किसी सरकारी नियम का उल्लंघन करने के कारण आपको जुर्माना भी भरना पड़ सकता है। इस महीने का उत्तरार्ध चारों ओर से प्रसन्नता और सफलताओं का अम्बार लगाएगा। आप अपने कर्म और धर्म से अभिभूत हो जाएंगे। कुछ न मिलने के बावजूद आप किसी अनोखी वस्तु के संग्रहकर्ता कहलाएंगे। कोई भी आपके आदर्श और सलाह पर चलकर लाभ कमाने की चेष्टा कर सकता है।







जुलाई: इस महीने का पूर्वार्ध काफी खर्च के बाद घर की साज सज्जा और रहन-सहन में उन्नति या बदलाव कराने वाला होगा। किसी नए परिसर या आवास में स्थान परिवर्तन का मौका मिलेगा। आजीविका में स्थानान्तरण या यात्रा के मौके भी आएंगे। किसी नए काम की शुरुआत या पुराने काम का विस्तार हो सकता है। इस दौरान आपके धन कोष और साख में वृद्धि होगी। अपने जीवन स्तर के अनुसार आपको खर्च करने में तनिक भी संकोच नहीं होगा। इस महीने का बाद वाला हिस्सा जरूरी चीजों पर खर्च का सूचक है। कुछ मामले फायदेमंद सिद्ध होंगे तो कुछ मामलों में हानि भी होगी। धन या लेन देन के कारण किसी से विवाद या खर्च में कटौती करने पर आश्रितों की शिकायत बढ़ेगी।







अगस्त: इस महीने का पहला हिस्सा ऐसे काम लेकर आएगा, जिनसे आर्थिक फायदा होगा। अपने सभी अस्त-व्यस्त काम को सुचारू करने की चेष्टा करें। समय पर लेन देन आदि का भुगतान कर दें। किसी प्रकार के जुर्माने से भी बचने की चेष्टा करें। बाद के हिस्से में पंचम सूर्य पर्याप्त लाभकारी और अप्रत्याशित भाग्योदयकारी होगा। पराक्रम के कारण आप जोखिम कामों में भी सफल होंगे। रिश्ते नाते जुड़ेंगे। जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए एक और मौका आपको मिलेगा। आजीविका या वृत्ति के अनुसार अधिकांश स्त्री जातक इस दौरान अपने अर्थ लाभ की महत्वाकांक्षा पूरी कर सकेंगी।







सितम्बरः इस महीने का पूहला हिस्सा सभी मिले-जुले धन्धों में पर्याप्त शुभ फल देने में समर्थ रहेगा। अनैतिक कामों से छुटकारा मिलेगा। धर्म कर्म में रूचि बढ़ेगी। स्वजनों और शुभचिन्तकों से उपहार एवं शुभकामनाएं मिलेंगी। कामकाज में नई वस्तुएं और उपकरण सहायक होंगे। व्यापार में तेजी आने से आपको भी चलते उपक्रम से फायदा उठाने का मौका मिलेगा। बाद के हिस्से में कामकाज की व्यस्तता कुछ कम होगी। जीवन की प्रगति में कुछ झटका सा लग सकता है। एकाग्रता भंग होगी और भविष्य की योजनाओं को लेकर किसी नई कूटनीति पर चलने की प्रेरणा मिलेगी। समस्याओं के बावजूद वर्चस्व में उत्साह रहेगा।







अक्टूबरः यह महीना आपके लिए कुछ आर्थिक चिंताओं के बावजूद उत्साहजनक और मनोरंजक रहेगा। घर परिवार के सदस्यों का सहयोग करेंगे। चालाकी और चतुराई से जटिल से जटिल समस्याओं का हल निकालने में सक्षम होंगे। सजग और सतर्क रहने से कोई भारी सफलता भी इस मास के पूर्वार्ध में मिल सकती है। यद्यपि कुछ मानसिक तनाव रहेगा लेकिन बाहर से इन बातों का कोई प्रभाव नहीं दिखाई पड़ेगा। महीने के उत्तरार्ध में आप अपनी समस्याओं के बावजूद दूसरों की उलझनों को सुलझाने में दिलचस्पी रखेंगे। इस बीच आप किसी लेन देन में भी कामयाब होंगे। अर्थ निवेश या मांगलिक कामों में भागीदारी हो सकती है।







नवम्बरः इस महीने का पहला हिस्सा सिर दर्द और गले की खराबी से कफ विकार पैदा कर सकता है। स्वास्थ्य अनुकूल रखने के लिए आपको अत्यधिक खर्च करना पड़ेगा। यात्राओं या सम्पर्क माध्यमों से कुछ महत्वपूर्ण मामले लाभदायक परिणाम देंगे। परन्तु किन्हीं मामलों में अत्यधिक परिश्रम करने के बावजूद ऐन मौके पर मामूली चूक हो जाने से हाथ मलते रह जाने का खेद और मलाल होगा। महीने का दूसरा हिस्सा अत्यधिक आशावादी है। यह सफलताओं को माध्यम बनाकर आपको अद्वितीय साबित करेगा। आप सबके प्रिय पात्र बन जाएंगे और कई लोग आप पर न्यौछावर रहेंगे।







दिसम्बरः महीने का पहला हिस्सा धन, वस्त्र और आभूषण दिलाएगा। एक साथ कई प्रकार के व्यापार या काम धन्धों में लाभ होगा। प्रतिस्पर्धा की दौड़ में आगे निकल जाएंगे। घर परिवार की व्यवस्था संतोषजनक रहेगी। विरोधियों और आलोचना करने वालों के मुंह बन्द रहेंगे। महीने का उत्तरार्ध भी सुख सौभाग्य बढाने वाला है। जीवन के सभी आनन्द और भोग विलास उपलब्ध होंगे। दूसरों के धन और साधनों से स्वयं के सुख भोग बढ़ेंगे। मौज बहार के बीच दोस्तों के साथ बिताया वक्त यादगार रहेगा।
===============================================

 
 
===============================================

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें