मंगलवार, 29 दिसंबर 2009

कर्क/Cancer (22 जून- 21 जुलाई)2010




भूमध्य रेखा से उत्तर



में 12 से 20 डिग्री तक इसका स्थान नियत है। इस राशि का चिन्ह कर्कट एक जलचर है। अंग्रेजी में इसे कैन्सर कहते हैं। आकाश स्थित नक्षत्रों में पुनर्वसु पुष्य और आश्लेषा इस राशि में पड़ते हैं। इस राशि का सम्बन्ध प्रधानतः जल प्रदेश, समुद्र और झील आदि के अत्यन्त निकट माना जाता है। इस राशि पर संक्रमण करने पर सूर्य उत्तर से लौटता हुआ दक्षिण की ओर बढ़ता है। नतीजतन दक्षिणायन का प्रारम्भ हो जाता है।






पौराणिक परिचय के अनुसार यह राशि सहानुभूति और सुकुमारता के साथ-साथ प्रजा सत्ता और मिलनसारिता की प्रतीक भी मानी जाती है। सम स्वभाव वाली इस प्रवासी स्त्री राशि का आकार एक केकड़े की भांति है जो उत्तर दिशा, झील, बांध, उपवन जलाशय, सुरम्य स्थल और सागर वैगरह अपना निवास बनाती है। चंचल लक्षणों से युक्त कोमल और सौम्य स्वभाव की बाल्यावस्था में अत्यन्त प्रखर, लाल-श्वेत रंग की यह राशि ब्राह्मण राशि है। इसका स्वामी चंद्रमा, वार सोम और भाग्यांक 2 और 7 हैं। सांसारिक उन्नति में प्रयत्नशीलता, विद्वता, लज्जा और विवेक इसके प्राकृतिक गुण हैं। इसको वक्ष और गुर्दे सम्बन्धी रोगों की प्रधानता रहती है।






इस राशि का व्यक्ति गौरवर्ण, सुगठित शरीर वाला, सुन्दर मुख का, गतिशील, उन्नत आकृति का लेकिन परिवर्तनशील स्वभाव का होता है। ऐसे लोग जल्दी उत्तेजित हो जाते हैं, लेकिन उनकी उत्तेजना प्रतिहिंसक नहीं होती बल्कि भावनाओं का एक आवेग उनमें होता है। यह उदार, शिक्षित, स्वच्छ हृदय, परोपकारी, सेवा भावी और यात्रा प्रेमी होते हैं। जल सम्बन्धी व्यवसाय, व्यापार, यातायात और कानून या फिर राजनैतिक क्षेत्र में ये सफल सिद्ध होते हैं। कर्क जातक बहुत बोलनेवाले, कंजूस, देशभक्त, मातृभक्त परन्तु असफल प्रेमी कहे जाते हैं। इनके भाग्योदयकारी वर्ष 16 , 22 , 24 , 28 , 32 और 47 होते हैं।







कर्क जातक व्यवसाय और राजनीति की दृष्टि से सफल माने जाते हैं। सरकारी सेवा के अलावा ये राज्याधिकारी, डॉक्टर, अनूठी चीजों के संग्रहकर्ता, इतिहास, नौसैनिक, नेता मंत्री, कवि, प्राध्यापक या नाविक होते हैं। जल सैनिक, विद्वान, भाषा विषारद, लेखक और जल वैज्ञानिक भी कर्क जातकों में से पाए जाते हैं। सफेद वस्तुओं पर इस राशि का प्रभाव अधिक रहता है।






चन्द्रमा अगर इस राशि पर पूर्ण बिम्बित हो तो वह इन्हें को काव्यप्रेमी या भवनों का स्वामी बनाता है, लेकिन उसमें अधिक सेक्स यानि कामान्धता भी पाई जाती है। इसलिए वे उन्मादी, संशयी और एकाधिकार प्रिय भी पाए जाते हैं। पुरातत्व लेखन, ज्योतिष, वैद्यक में भी उनकी रूचि होती है। मुश्किल वक्त में ऐसे जातकों को विपरीत योनि से विशेष सहायता प्राप्त होती है। मुख्यतः भावनात्मक ज्वार इनमें अधिक पाया जाता है। इन्हें चालू किस्म का प्रेमी भी कहा जा सकता है।







कैसा रहेगा वर्ष 2010






आपकी राशि का स्वामी चन्द्रमा है जो कि 2010 की शुरुआत में आपके व्यय स्थान से विचरण कर रहा है। बृहस्पति ग्रह आपके लिए योगकारक है जो कि अष्टम भाव से अप्रैल तक उसके बाद नवम भाव में शेष वर्ष में रहेगा। शनि ग्रह तीसरे भाव में रहने से पूरे साल आपको पराक्रम प्रभाव को प्रदान करते हुए आपकी जन्म राशि को मजबूत करेगा। पराक्रम में शनि का प्रभाव बहुत अच्छा माना गया है जिसके फलस्वरूप सभी बिगड़े हुए कामों में सफलता मिलती है और नए स्तर पर नौकरी स्थान परिवर्तन अथवा व्यापार आदि का लाभ होता है।






अगर आपके जन्मकालीन शनि की स्थिति अच्छी है तो तभी आप इस गोचर से लाभ पा सकते हैं, नहीं तो जो भी काम आप हाथ में लेंगे उसी में विघ्न और विलम्ब पड़ता रहेगा। शनि ग्रह एक ओर आपके लिए दाम्पत्य सुख और जीवन साथी के भाव का कारक है, वहीं व्यापार और साझेदारी पर भी इसका पूरा नियंत्रण रहेगा। कुल मिलाकर शनि जहां आपके निजी जीवन में दखलंदाजी करता रहेगा, वहां शक-वहम और अलगाव भरे दाम्पत्य जीवन के कारण अनेक कर्क जातकों को वर्ष 2010 में अपना जीवन सुखमय बनाने में दिक्कतों का सामना करना होगा।










सूर्य का प्रभाव आपके लिए 13 जनवरी तक काफी योगकारक है। इसके चलते आपके कामकाज में उन्नति होगी। व्यापार कारोबार के अलावा निवेश और बचत के जरिए भी धनलाभ की कामना कर सकते हैं। शनि का गोचर कुछ हद तक जनवरी के दूसरे पखवाड़े से मार्च मध्य तक पारिवारिक रिश्तों को बिगाड़ सकता है, वहीं आपके अपने भी कभी-कभी पराए जैसे लग सकते हैं। शनि और सूर्य के प्रतियोग और योग का दौर फिर आगे चलकर जुलाई अगस्त में रहेगा। इस दौरान भी अपने प्रियजनों से मनमुटाव और रोग व्याधियों का सूचक होगा। हालात काबू में लाने के लिए अपने स्तर पर आपको धैर्य और कूटनीति से ही काम लेना होगा।






सितम्बर अक्टूबर के बीच अपकी स्थिति सुधार की ओर अग्रसर होगी और काम धंधे की रूकावटें भी खत्म होंगी। यदि आप युवा या अविवाहित हैं तो नवम्बर से दिसम्बर के बीच आपकी जीवनसाथी की तलाश पूरी हो जाएगी। अनेक कर्क जातकों को इस साल राजनैतिक सम्पर्को का भी लाभ होगा और किसी न किसी प्रकार का कार्यकारी पद भी उनके हाथ लगेगा। बिजनस देश-विदेश के सम्पर्क सूत्र भी फायदेमेंद साबित होंगे। एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट, विदेश व्यापार और ट्रांसपोर्ट यातायात के कारोबार से भी आपको लाभ हो सकता है। युवा जातकों के लिए यह साल दूसरे हिस्से में काफी योगकारक है। प्रमोशन या नौकरी कारोबार में बदलाव आपको समृद्धि के निकट ले जाएगी।






प्रौढ़ कर्क राशि के लिए वर्ष 2010 का पहला हिस्सा ही कुछ विक्षेप और अवरोधी है। बाकी उनको धीरे-धीरे आगे चलकर अपना रास्ता खुद ही बनाने की तकनीक मिल जाएगी। वैसे तो उनका समूचा व्यक्तित्व दूसरों को प्रभावित करेगा फिर भी साल के अन्त तक अपनी हालत को सुधारने में उनके सभी प्रयास सार्थक सिद्ध होंगे।







महीनेवार भविष्य







जनवरीः इस महीने का पहला हिस्सा पत्नी, बेटे और भाइयों की ओर से कुछ आर्थिक संकट देने वाला होगा, फिर भी प्रभावशाली व्यक्ति और अच्छे सम्पर्क आपके काम आएंगे। बिजनस में आर्थिक स्थिति सुधरेगी। सुनियोजित कामों में समय पर लाभ होने लगेगा। महीने के दूसरे हिस्से में अच्छे संदेश और समाचार प्राप्त होंगे। उद्योग व्यापार को नई दिशा मिलेगी। काम बिगाड़ने वाले तत्व रोजमर्रा की जिंदगी से हट जाएंगे। निर्भय होकर आप अपने कामकाज को सफल बनाने में जुट जाएंगे।







फरवरीः इस महीने का पहला हिस्सा चल और अचल सम्पत्ति के लेखे जोखे को सुधारने में बीतेगा। सज्जन मित्रों और सक्षम अधिकारियों के जरिए कई पुराने विवाद तथा आर्थिक मामले सुलझ जाएंगे। प्रतियोगिता में विजय मिलेगी। यात्राओं के सुपरिणाम भी तत्काल मिलने लग जाएंगे। महीने का दूसरा हिस्सा बौद्धिक और रचनात्मक कामों की शुरुआत करने में सहायक होगा। किसी लम्बे व्यापारिक अभियान की तैयारी करेंगे। यदि आप कला या मनोरंजन आदि क्षेत्र से जुड़े हैं तो व्यावसायिक हित आपको दूरगामी लाभ देने में सक्षम होंगे।







मार्चः इस महीने का पहला हिस्सा किसी चोट या मामूली दुर्घटना से आहत कर सकता है। आपको कुछ जगहों पर गलत समझा जा सकता है। आर्थिक संकोच और आत्मसम्मान के चलते किसी तात्कालिक लाभ से आप वंचित हो सकते हैं। स्थितियों को सही दिशा देने में अभी कुछ समय रुकना पड़ सकता है। महीने का दूसरा हिस्सा शरीर को रक्त विकार और आंखों में कष्ट दे सकता है। धन की चिन्ता के कारण अनिद्रा और अपच आदि की शिकायत हो सकती है।







अप्रैलः इस महीने का पहला हिस्सा अस्थायी उद्यमों से यथोचित लाभ देने लगेगा। विवाद और कानूनी मामले आपके पक्ष में होंगे। अनेक प्रकार के आर्थिक घोटालों आरोपों-लांछनों से मुक्ति मिलेगी। व्यापार-व्यवसाय में असंतुलन खत्म हो जाएगा। नई या पुरानी योजनाएं कारगर होने लगेंगी। महीने के दूसरे हिस्से में अचल सम्पत्ति या मोटे लाभ की प्राप्ति के आसार दिखाई देंगे। कामकाज या व्यापार में गति आएगी। किसी सुखद परिणाम के कारण आर्थिक द्वन्द्व खत्म हो जाएंगे और चेहरे पर कांति और व्यक्तित्व में आकर्षण पैदा होगा।







मईः इस महीने का पहला हिस्सा व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को तीव्र गति से आगे बढ़ाने में सहायक होगा। अधिकार, पद और प्रतिष्ठा के चलते सामूहिक जीवन में उल्लास पैदा होगा। सुख-समृद्धि के नए आयाम साफ दिखाई देंगे। शत्रु पक्ष की ईर्ष्या बढ़ सकती है परन्तु आपको कोई हानि नहीं होगी। महीने के दूसरे हिस्से में सुखद मनोरंजक यात्राओं का दौर चलेगा। विविध प्रकार के सुख-साधन और भोजन सामग्री की प्राप्ति होगी। लेखन, सम्पादन और प्रकाशन में दिलचस्पी बढ़ेगी।







जूनः इस महीने का पहला हिस्सा कार्यक्षेत्र और व्यावसायिक गतिविधियों में व्यस्त रखेगा। दुर्लभ वस्तुओं के लेनदेन से लाभ होगा। कार्ययोजनाएं अमल में आएंगी। सहयोगी और जूनियर्स प्रॉडक्टिविटी बढ़ाने में सहायक होंगे। महीने का दूसरा हिस्सा कूटनीति और सामदाम से जटिल कार्य सुलझाने में मदद देगा। आपकी बाहरी जीवन की सफलताएं सबको आश्चर्यचकित कर सकेंगी। जीवन स्तर में आमूल परिवर्तन होंगे। मूल्यवान वस्तुओं का संग्रह बढ़ेगा। अच्छे कारोबार और दृढ संकल्प के कारण दूसरों के विश्वास को बल मिलेगा। किसी शुभ कार्य की सफलता से आपके उत्साह में भी वृद्धि होगी।







जुलाईः इस महीने के पहले हिस्से में परिवारजनों को आपसे सहायता मिलेगी। पुण्य और परोपकार के काम सफल होंगे। राज्य स्तर पर आप चर्चित होंगे। सामाजिक और आर्थिक जीवन में भी मान प्रतिष्ठा बढ़ती जाएगी। किसी संस्थागत सम्मान या गैर राजनीतिक पद की भी इस महीने के दूसरे हिस्से तक प्राप्ति होगी। सन्त-महात्मा और उदारजनों की सेवा में समय बीतेगा। बिजनस में आंकड़े लाभदायक स्थिति में पहुंचा देंगे।







अगस्तः इस महीने का पहला हिस्सा भी जटिल आर्थिक समस्याओं से मुक्ति दिलाएगा। पूर्ववर्ती कामों का सुपरिणाम मिलेगा। जनहित में काम करने की अभिलाषा पूरी होगी। मित्रों और शुभचिंतकों की आवाजाही बढ़ेगी। घर में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। महीने के दूसरे हिस्से में भ्रामक और तथ्यहीन मामलों से दूर रहें। शंका और अंदेशा होने से मनोदशा विचलित हो सकती है।







सितम्बरः इस महीने का पहला हिस्सा उन्नत विचारों एवं क्रियाशील गतिविधियों के कारण फायदा देने में सक्षम है। स्थायी और अस्थायी उद्यमों से काफी फायदा होगा। समझदारी से सभी बिगड़े काम बनते जाएंगे। सार्वजनिक और पारिवारिक जीवन में यश मान की वृद्धि होगी। महीने का दूसरा हिस्सा कुछ दौडड़ग और यात्रा में लगाए रखेगा। सरकारी और कानूनी पक्ष से जुड़े हुए मामले प्रगति में बाधक होंगे। किसी लम्बे चौड़े खर्च की रूपरेखा महीना की तीसरे और चौथे सप्ताह में बनेगी जिसके कारण स्वास्थ्य और उत्साह में गिरावट आ सकती है।







अक्टूबरः इस महीने के दूसरे सप्ताह तक व्यापार और कामकाज की स्थिति अस्त व्यस्त रहेगी। कुछ जातकों को लम्बी यात्रा आदि भी करनी पड़ सकती है। नौकरी में स्वाभिमान के कारण कोई संवेदनशील पद त्यागना पड़ सकता है। सहकर्मियों और सगे-सम्बन्धियों के कारण अलगाव या एकान्तवास की स्थिति आ सकती है। महीने के दूसरे हिस्से में शत्रु और विरोधियों की चाल नाकाम होगी। स्वास्थ्य अच्छा नहीं रहने के कारण परिश्रम कष्टदायी होगा। भोजन और खान-पान में परहेज न करने से दीर्घकालीन रोग उत्पन्न हो सकते हैं।







नवम्बरः इस महीने का पहला हिस्सा स्थान-परिवर्तन या करोबार व्यापार में बदलाव की अपेक्षा रखता है। संतोषजनक सीमा तक आर्थिक लाभ होता जाएगा। रुका हुआ धन या दूसरे के हाथों में चली गई व्यापारिक गतिविधियां पुनः आपको मिल सकेंगी। महीने का दूसरा हिस्सा अवांछित और धूर्त लोगों के कारण कष्ट देगा। लेन-देन या बिजनस में धोखा हो सकता है। किसी निकृष्ट व्यक्ति के कारण आपकी सम्मानित छवि प्रभावित हो सकती है।







दिसम्बरः इस महीने का पहला हिस्सा घर-परिवार के मामलों में आर्थिक बोझ बढ़ाएगा। पुरानी देनदारी चुकाने या जिम्मेदारियां निभाने के लिए कर्ज आदि की जरूरत पड़ेगी। महत्वपूर्ण कार्यक्रम स्थगित हो सकते हैं। महीने का दूसरा हिस्सा कुछ हद तक चिंताओं से मुक्ति दिलाएगा। बिगड़ी हुई परिस्थितियां सुधरेंगी। ऑफिस में दूसरों का सहयोग बिना मांगे ही मिलने लगेगा।
=========================================================================
 
 

=========================================================================

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें