मंगलवार, 29 दिसंबर 2009

भविष्यफल 2010वृष/Taurus (22 अप्रैल- 21 मई )


वृष/Taurus (22 अप्रैल- 21 मई )






भूमध्य रेखा से 20 डिग्री  




 तक इस राशि की स्थिति मानी गई है। अंग्रेजी में इसे टॉरस कहते हैं। इस राशि में कृतिका रोहिणी ओर मृगशिरा नक्षत्र आते हैं इसका आकार वृष अर्थात बैल के चेहरे जैसा होता है। पृथ्वी तत्व वाली यह राशि उपजाऊपन आज्ञाकारिता ओर सेवा सुश्रुषा की द्योतक है। सभ्यता के आदि चरण से ही इस राशि का प्रतिनिधि पशु यानी बैल मानव की सेवा कर रहा है। यह राशि लघुकाय और स्थूल शरीर की मानी जाती है जिसका स्वभाव स्थिर है। इसका निवास दक्षिण दिशा में पर्वत की चोटी, कृषि भूमि, गोशाला, चारागाह और खेत आदि हैं। यह कोमल, शांत स्वभाव की युवावस्था वाली गौर वर्ण की पुष्ट और दोहरे शरीर वाली राशि है। वृष राशि रात्रिबलि मानी जाती है। यह पशु, पॉल्ट्री फार्म, बागबानी, डेयरी उद्योग और गल्ला भंडारण या कृषि आदि स्थाई उद्योगों का प्रतिनिधित्व करती है। इस राशि का वार शुक्र और भाग्यांक 6 है।







वृष राशि अधिक संतान वाली मानी जाती है। इसमें कन्या संतान की प्रधानता होती है। वृष राशि को भूमि संबंधी कामों के अलावा लेखन, खरीद-बेच, भूगोल और सम्पत्ति का अधिष्ठाता माना जाता है। यह राशि स्वार्थी, लोभी, कामुक, सांसारिक कार्यो में दक्ष और विचारपूर्वक काम करने वाली होती है। यह आहार प्रिय और सीमित क्षेत्रों तक ही संचालन करने वाली, भोगी, दानी और पवित्र व्यवहार की समर्थक मानी जाती है। स्वाभाविक रूप से यह एक ही जगह स्थिर रहना चाहती है।








वृष राशि के महानुभाव प्रणय सम्बन्ध और गृहस्थ जीवन के प्रति जिम्मेदार, अति अभिमानी, बलशाली, धनी-विलासी, तेजस्वी और बहुत सारे दोस्तों वाले होते हैं। ऐसे व्यक्ति में आत्मविश्वास की प्रबलता होती है। कुछ लोगों को गारमेंट्स और सुगंधित वस्तुओं के बिजनस से लाभ होता है। घरेलू परिस्थितियां इन्हें कष्टकर प्रतीत होती हैं। कुछ लोग गीत-संगीत में दिलचस्पी रखते हैं। ये लोग देखने में शांत लेकिन मन के चंचल होते हैं।







वृष राशि अत्यन्त व्यवहार कुशल और सहनशील होने के कारण जीवन की राह में आने वाली हर कठिनाई को दूर करके अपना लक्ष्य प्राप्त कर लेती है। इस राशि का मुख्य मकसद वासना और भोग विलास के लिए धन प्राप्त करना होता है। सुन्दर वस्त्रों और मनोरंजक क्षणों के ये लोग काफी शौकीन होते हैं। इस राशि के जातक व्यापार, कृषि, सरकारी सेवा, व्यावहारिक विज्ञान और कुकरी आदि के क्षेत्र में विशेष सफलता प्राप्त करते हैं। इनका भाग्योदय कारक वर्ष 15 , 24 , 28 , 33 और 43वां होता है। हृदय रोगियों में ज्यादातर उदाहरण वृष राशि के होते हैं।







कैसा रहेगा वर्ष 2010







आपकी राशि का स्वामी शुक्र ग्रह वर्ष 2010 की शुरुआत में नवम राशि धनु में संचार कर रहा है। इसके साथ योग करने वाले अन्य ग्रह राहू, बुध और प्लूटो कुछ ऐसा संयोग कर रहे हैं कि आपके कारोबार को एक नई दिशा प्रदान कर सकते हैं, बशर्ते आप बदलाव के लिए तैयार रहें। 14 जनवरी तक अष्टम सूर्य आपके साहस और प्रतिष्ठा को कुछ कमजोर बना सकता है। कर्ज, रोग या अवांछित तत्वों की प्रतिक्रिया इस दौरान मनोबल को कमजोर कर सकती है, लेकिन जनवरी उत्तरार्ध से स्थितियां बदल जाएंगी और फरवरी-मार्च के महीने आपके लिए सफलता की सीढ़ी बन सकते हैं। अगर आप आजीविका या अच्छी नौकरी की तलाश में हैं तो मार्च तक बेहतरीन पद लाभ की आशा रख सकते हैं।







कई महानुभाव स्थान परिवर्तन से भी प्रभावित हो सकते हैं, लेकिन कुल मिलाकर यह बदलाव आपकी बेहतरी के लिए ही होगा। इस साल शनि ग्रह आपके पंचम भाव में रहेगा। सिर्फ मार्च से मई में इसका वक्री संचार कुछ आर्थिक विषमताओं का कारण बन सकता है। दूसरों का भला करने पर बुराई और अपयश का भागीदार होना पड़ेगा। यदि किसी मित्र या रिश्तेदार के लिए कुछ अच्छा भी सोचेंगे तो दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया आपके किए-कराए पर पानी फेर सकती है। इसलिए परोपकार और लेन देन के मामले में सोच विचार करके ही कदम उठाएं।






बृहस्पति इस साल दशम और अप्रैल के बाद एकादश भाव में रहेगा। इसलिए सितम्बर तक आप अपने दायरे में जहां एक बुद्धिमान व्यक्ति की प्रतिष्ठा अर्जित कर सकते हैं वहां सूझबूझ और उदाराता के कारण सभी के प्रियपात्र भी बने रहेंगे। यदि किसी जिम्मेदारी के पद पर कार्यरत हैं तो आपको सीनियर अधिकारी से भरपूर सहयोग और सम्मान मिल सकता है। दाम्पत्य जीवन का पूरा सुख मिलेगा। कई जातक जो अविवाहित हैं, उनको साल के पहले हिस्से में योग्य जीवन साथी की प्राप्ति हो सकती है।







इस साल राहु-केतु आपके लिए जहां अच्छा आर्थिक लाभ बटोरने में सहायक होंगे वहां व्यापार कारोबार में भी उन्नति के परिचायक बनेंगे। अष्टम भाव का राहु अप्रैल से दिसम्बर तक जहां छोटे-मोटे लाभ देगा, वहीं देश-परदेस की यात्रा और घूमने-फिरने के अवसर भी मिलते रहेंगे। आपके सहयोगी आपके आदेश सिर आंखों पर लेंगे और सामाजिक स्तर पर भी आपकी नियुक्ति एक भरोसेमन्द नायक के तौर पर होगी। यदि आप लेखन, पत्रकारिता या कला जगत से जुड़ना चाहते हैं तो शनि, राहु-केतु आपको विशेष अवसर प्रदान करेंगे। परीक्षा-प्रतियोगिता में सफलता में सभी ग्रह आपको मदद देंगे। साल का दूसरा हिस्सा अनुकूल साबित होगा।








महिलाओं को इस साल कई प्रकार के बदलाव अपने जीवन में लाने होंगे। यदि किसी प्रकार हुनर और करतब दिखाने का मौका मिले तो उसके समकक्ष कोई भी नहीं टिक पाएगा। बौद्धिकता और आध्यात्म में में भी वृष राशि विशेष उपलब्धियां दिलाएगी। युवा जातकों के लिए यह साल कुछ उतार-चढ़ाव और कठिनाई भरा रहेगा। बौद्धिक समस्याएं आए दिन परेशान करेंगी। सन्तान पक्ष की चिन्ता रहेगी। दाम्पत्य जीवन में भी कुछ गलतफहमियां हो सकती हैं लेकिन उदारता और सहनशीलता जैसे गुण आपके अन्दर विराजमान हैं जिनसे परिस्थितियां कन्ट्रोल में आ जाएंगी।







महीनेवार भविष्य







जनवरीः आजीविका और रोजगार के लिए यह महीना युवा जातकों के लिए भाग्योदयकारी होगा। रोजगार की तलाश पूरी होगी। हाल ही में शुरू किए गए व्यवसाय या छोटे स्तर की सेवा परियोजना से भी आमदनी के आसार नजर आएंगे। काई व्यक्ति आप पर भारी उपकार करेगा। इस महीने के उत्तरार्ध में आप कुछ विस्मयकारी घटनाओं के बीच अपने साहस को देखेंगे और किसी नए जीवन की वरदान राशि को लेकर चमत्कृत होंगे। अनेक महानुभाव अपने परिश्रम और चेष्टाओं के सिद्धकारक परिणाम भी महसूस करेंगे।







फरवरीः इस महीने का पहला हिस्सा भी उत्तम फलों से युक्त है। रचनात्मक और बौद्धिक कामों से लाभ होगा। रुके हुए धन की प्राप्ति होगी। शासन सत्ता में भागीदारी बनेगी या फिर उच्च पदाधिकारियों से मेल जोल बढ़ेगा। इस दौरान आप अपने सभी अटके हुए कामों को कर सकते हैं। दूसरे और चौथे सप्ताह यात्राओं तथा दौड़भाग के बावजूद कारोबारी सफलता संदिग्ध रहेगी। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों का सहयोग मिलेगा।







मार्चः यह महीना पहला हिस्सा में कुछ असुविधाजनक दौर से गुजरेगा। स्वजनों और परिजनों के व्यवहार में अन्तर आएगा। बिजनस में भी लाभदायक स्थितियां कम होंगी। इस महीने के बाकी हिस्से में कर्ज लेकर किसी बड़े काम की योजना बनेगी। घर में जायदाद वाहन आदि की प्राप्ति होगी। चल-अचल प्रॉप्रटी के मुआवजे या अतिरक्ति लाभ से जीवनयापन की जरूरतें पूरी हो जाएंगी। महीने के आखिर तक जीवन के सरोकार आपकी मनोवृत्ति के अनुकूल होंगे। सुख शांति का वातावरण रहेगा।







अप्रैलः इस महीने का पहला हिस्सा भी बदलाव और सुधारपूर्ण आर्थिक गतिविधियों में बीतेगा। नौकरी या आजीविका में स्थानान्तरण की संभावना रहेगी। मकान के दायरे में भी परिवर्तन की संभावना होगी। इस महीने के दूसरे हिस्से में कुछ लोगों को निवेश किए गए धन का लाभ मिलेगा। बिजनस में तरक्की होगी। सज्जनों और सन्त महात्माओं के दर्शन लाभ करेंगे। बुजुर्गों और पैतृक संबंधों में सहयोग प्रोत्साहन मिलेगा। किसी काम में मनोवांछित लाभ कुछ रुक-रुक कर होने से चिंताएं बढ़ेंगीं।







मईः इस महीने का पहला हिस्सा पिछली घटनाओं की पुनरावृत्ति करेगा। किसी व्यक्ति विशेष से आर्थिक सहयोग या कॉन्ट्रैक्ट प्राप्त होगा। जीवन की जटिलताएं कम होती नजर आएंगी। शुभचिंतकों के बीच सभा समारोह या उत्सव दावत के प्रसंग आरंभ होंगे। अगर आप किसी अधिकार प्राप्त पोस्ट पर हैं तो आपको किसी लम्बी यात्रा का संयोग भी प्राप्त होगा। तीसरे-चौथे हफ्ते के दौरान लाभदायक सिद्धि का योग है। इसिलए विचाराधीन आर्थिक मामलों को निपटा लें।







जूनः इस महीने के पहले दो सप्ताह भी शुद्ध गोचर से युक्त हैं। जमापूंजी और जीवन स्तर में सुधार होगा। घर में मूल्यवान वस्तुओं की आवक होगी। आतिथ्य सत्कार का मौका मिलेगा। लेखन, साहित्य और ज्ञान-विज्ञान में दिलचस्पी पैदा होगी। इस महीने के तीसरे हफ्ते से गोचर प्रतिकूल फल देने वाला महसूस होगा। एकाएक बनते हुए कामों में रूकावट आ सकती है। किसी अभिन्न सहयोगी या विश्वसनीय दोस्त के द्वारा कॉन्ट्रैक्ट से मुकर जाने का दुख होगा। बिजनस में लगे लोग आर्थिक असंतुलन से प्रभावित होंगे।







जुलाईः इस महीने का पहला हिस्सा आर्थिक जीवन में निराशा और मायूसी पैदा कर सकता है। कुछ बड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों में रुकावट आने से उत्साह भंग होगा। सुख आराम के उपकरण आदि रख रखाव का खर्च बढ़ाएंगे। परिवार के बुजुर्ग असंतुष्ट रहेंगे। व्यावसायिक कामों में अरूचि पैदा होगी। इस महीने का तीसरा और चौथा हफ्ता कुछ विचाराधीन आर्थिक मामलों को सुलझाने वाला होगा। न्याय प्रणाली और कानून व्यवस्था का सहयोग मिलेगा।







अगस्तः इस महीने का पहला हिस्सा रोग और कर्ज से मुक्ति दिलाएगा। शत्रुओं और विरोधियों के हथकंडे नाकाम होंगे। स्वजनों से सहयोग मिलेगा और बिजनस की स्थिति सफलता सूचक रहेगी। इस महीने के तीसरे हफ्ते से वक्त अनुकूल होने लगेगा। परीक्षा-प्रतियोगिता या इंटरव्यू में विजय मिलेगी। राजनीतिक वर्चस्व बढ़ेगा। घर परिवार और समाज में आपका यश बढ़ेगा। इस महीने के अन्त तक ज्यादातर जातक अपनी वास्तविक उपलब्धियों को प्राप्त करने में सफल हो जाएंगे। कुछ चिंता भी हो सकती है। साहस और मनोबल ऊंचा रहने से छोटी मोटी परेशानियां आपकी प्रगति के आड़े नहीं आ सकतीं।







सितम्बरः इस महीने का पहला हिस्सा शुद्ध लाभ वाला है। स्वास्थ्य में असाधारण स्फूर्ति, विचार शक्ति में बौद्धिकता और कूटनीति का समावेश होगा। विरोधियों को परास्त करने की आपकी छोटी से छोटी चाल भी कामयाब हो जाएगी। आर्थिक विवाद और मुकदमों में विजय होगी। कानूनी और न्याय नीति का फैसला आपके पक्ष में होगा। महीने के दूसरे हिस्से में पंचम भाव का सूर्य सिर में दर्द, बुखार और मौसम के परिवर्तन से दैनिक कामों में बाधा डालेगा। व्यापार और साझेदारी में गलतफहमियों या अलगाव के मामले पैदा होंगे।



अक्टूबरः इस महीने का पहला और दूसरा सप्ताह पैसे के कारण क्लेश में बीतेगा। कामकाज में निराशाजनक परिणाम मिलेंगे। अधिकारी वर्ग आपके ऊपर पूरा नियंत्रण रखेगा। घरेलू जीवन सुख शांतिपूर्वक बीतेगा , फिर भी किसी बुजुर्ग या शुभचिंतक परिजन के कारण मानसिक उद्वेग कायम रहेंगे। उत्तरार्ध में कामकाज का बोझ बढ़ेगा। पारिवारिक विषमताएं और आर्थिक गलती से बचाव हो जाएगा, लेकिन किसी भारी खर्च या उत्तरदायित्व के कारण धन कोष में असंतुलन पैदा होगा। महीने का अंतिम सप्ताह किसी निष्फल यात्रा या दौड़ भाग के कारण परेशानी भरा रहेगा, इसलिए सोच विचार कर ही घर से बाहर कदम रखें।







नवम्बरः इस महीने की गोचर स्थिति ज्यादातर आपके कार्यक्षेत्र को उन्नत करेगी। आर्थिक विकास सम्बन्धी व्यस्तताओं में मन रमा रहेगा। उन्नति और पद प्राप्ति के लिए भी ठोस भूमिका तैयार होगी। अनेक शुभचिंतक और प्रशंसक आपका उत्साह बढ़ाएंगे। परन्तु शासन सत्ता की ओर से पैदा होने वाली आर्थिक या व्यवसाय की चिन्ता या किसी उच्चाधिकारी का कोप झेलना होगा। इस महीने आपके सम्पर्क सूत्र और घनिष्ठ दोस्त उस समस्या का निदान ढूंढने में सफल हो जाएंगे, जो काफी लम्बे अरसे से आपके जीवन में तनाव पैदा कर रही थी।







दिसम्बरः इस महीने का पहला हिस्सा भी शुद्ध गोचर के अधिकार क्षेत्र में है। अर्थ कर्म में रूचि बढ़ेगी। आपके द्वारा किसी निकट पडोसी को फायदा होगा या फिर किसी दीन दुखी के कष्ट निवारण में आपकी भूमिका सराहनीय रहेगी। महीने का पहला हिस्सा राज्य पक्ष से अनुकूल परिणाम देगा। धन दौलत की चाह पूरी होगी। बिजनस में धन लाभ सुनिश्चित होगा। अनेक जातकों को वस्त्राभूषण उपहार भी मिलेंगे।
==============================================


==============================================

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें