बुधवार, 30 दिसंबर 2009

मकर/Capricorn (22 दिसंबर - 21 जनवरी


पृथ्वी पर भूमध्य रेखा



से दक्षिण की ओर 20 डिग्री तक इसका स्थान माना गया है। आधे उत्तरायण से आधे दक्षिणायन की रातों में यह राशि दूरबीन की सहायता से आकाश में स्पष्ट रूप से देखी जाती है। इसका आकार एक त्रिभुज की तरह है जिसे पुराणों में अज यानि जल मृग की संज्ञा दी गई है। अंग्रेजी में इसे कैप्रिकॉर्न कहते हैं। उत्तराषाढ़ा, श्रवण और घनिष्ठा नक्षत्र इस राशि में पड़ते हैं। सूर्य जब इस राशि में संक्रमण करता है और मध्य जनवरी से उत्तरायण का आरंभ हो जाता है तो रात की अपेक्षा दिन बड़े हो जाते हैं। सौर परिवार में इस राशि का प्रतिनिधित्व ग्रह शनै शनै चलने वाला यानि शनि ग्रह है जिसे मृत्यु का प्रतीक भी माना गया है।






शनि ग्रह को दम्भ अधिकार एवं निरंकुश सत्ता का प्रतिनिधित्व भी प्राप्त है। इसलिए मकर राशि वाले लोगों में अहंकार और अधिकार प्रियता की झलक थोड़ी देर में ही मिल जाती है। मकर सम देह वाली चर संज्ञक राशि है जो पश्चिमी भूभाग या नदी तट और गांव, शहर या समुद्र के निकट झोंपड़पट्टी में अपना निवास बनाती है। यह सौम्य लेकिन चंचल लक्षणों से युक्त चर स्वभाव की वृद्ध यानी गंभीर आचरण की शूद्र राशि है। यह राशि निम्न वर्गों और गरीबों का प्रतिनिधित्व करती है। इसे तकनीकी और श्रमसाध्य कामों के अलावा पेंटिंग, लेखन, गायन, क्लैरिकल काम, राजनीति और सेवा का क्षेत्र प्रिय है। इसका स्वामी वार शनि और भाग्यांक 8 है। सरकार से इन्हें विशेष लाभ होता है।






इस राशि के उदयकाल में पैदा होनेवाला व्यक्ति लम्बे कद का, गौर वर्ण वाला, सुन्दर आंखों वाला, वाकपटु, धैर्यवान, त्यागी, सतर्क और गृहस्थ जीवन में असन्तुष्ट रहने वाला होता है। अगर लग्न कमजोर हो या चन्द्र पर पाप ग्रह की दृष्टि हो तो जातक बकवासी, झूठ बोलने वाला, आलसी, बदनाम, अकर्मण्य और दोस्तों या सज्जनों में तिरस्कार का पात्र बनता है। ऐसे व्यक्तियों में स्वार्थ की भावना विशेष होती है और प्रकृति से रहस्मय वृत्ति से अपराधी किस्म के आचरण के होते हैं। ज्यादातर मकर जातक बुरी आदतों को बड़ी जल्दी ग्रहण कर लेते हैं और खाने पीने के प्रति इनमें विशेष लगाव होगा है। बाह्य रूप से ठीक-ठाक सजे-धजे नजर आने वाले मकर जातक आंतरिक शौक रखते हैं, लेकिन किसी भी काम में निपुणता प्राप्त करना इनके वश की बात नहीं।






ऐक्टिंग, साहित्य और विज्ञान में भी इनकी दिलचस्पी रहती है। इस श्रेणी में महिलाओं को ज्यादा पाया जाता है। चूंकि शनि ग्रह को इस राशि का आधिपत्य प्राप्त है जो आधुनिक सदी के भौतिकवाद का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए ये लोग अपना अधिकतर धन अपने ही भौतिक सुख भोग में खर्च करते हैं।







कैसा रहेगा वर्ष 2010






मकर राशि का स्वामी ग्रह है मन्द गति से चलने वाला सबसे सुन्दर दिखने वाला शनि, जो कि अपने चन्द्रमाओं का विशाल छल्ला बनाकर अपनी तीव्रता का भी परिचय देता है। 2010 के आरंभ में शनि ग्रह की पंचम दृष्टि मकर राशि पर रहेगी। 14 जनवरी को जब सूर्य भी मकर में प्रवेश करेगा तो मकर राशि के लिए एक दो महीने कुछ तनाव भरे रहेंगे। इन से जनित ग्रहयोग कुछ ऐसे होंगे जैसे गरीब और साधारण लोगों को आर्थिक कष्ट और परेशानियों या सम्पन्न और धनाढ्य लोगों को शारीरिक कष्ट। युवा और महिलाओं को पारिवारिक क्लेश और अन्य प्रकार के मानसिक तनाव का सामना करना पड़ेगा। वैसे शनि की अपनी राशि है मकर, लेकिन इस बात पर हैरत भी होती है कि शनि जब कष्ट देता है तो अपनी राशि को भी नहीं छोडता।







वर्ष 2010 के गोचर में पूरा साल शनि इस राशि से नवम में रहेगा, सिवाय फरवरी से मई अन्त तक, जब वह वक्री संचार करेगा। ऐसे समय में यह बुरे फलों के बजाय सुधार और कार्यसिद्धि के योग भी पैदा कर सकता है। जिन लोगों का करियर स्टार्ट होना है उनके लिए आजीविका का द्वार खुल सकता है। बिजनस में जो महानुभाव लगातार घाटा उठा रहे हैं, उनके वारे के न्यारे होने के अवसर आ सकते हैं। जिन महानुभावों को पिछले काफी समय से कर्ज और बीमारी ने परेशान किया हुआ है, उनका अच्छा दौर आ सकता है।






शनि बेशक पीड़ादायक ग्रह है और अपनी राशि को भी समान रूप से पीड़ित रखता है। अतः सितम्बर-अक्टूबर में जब सूर्य और शनि की युति होगी, उस दरम्यान नए झगड़े पैदा हो सकते हैं। किसी बनते हुए काम में विलम्ब हो सकता है। नवम्बर 16 के बाद अनेक लोगों को माता-पिता या सीनियर सदस्यों के कारण पीड़ा हो सकती है। काफी लोगों को सकते में डालने वाले फल भी वर्ष के दूसरे हिस्से में मिल सकते हैं। जब शनि का लम्बा दौर बीत जाता है तो फिर उसके अनुभव मकर राशि के लोगों के लिए एक मार्गदर्शक का काम करते हैं। इसलिए उनकी भौतिक प्रवृत्ति में अचानक आध्यात्म का रंग चढ़ने लगता है। ऐसी ही स्थिति इस साल के अन्त तक सभी लोगों के लिए आ सकती है, जब उनको दुख और संकट के बावजूद जीवन में उत्साह और उमंग का भरपूर संचार दिखाई देगा। दूसरों को भी प्रेरित करने में उनका हाथ रहेगा।








दूसरों के परमार्थ के लिए आवाज उठा सकने की ताकत भी सिर्फ इन्हीं लोगों में होती है। इसी कारण संसार के महान मसीहा लोग इसी राशि में जन्म लेते हैं। ऐसे ही कुछ विख्यात इस साल भी लाइमलाइट में आएंगे। आज के बदलते दौर में मकर राशि ज्ञान विज्ञान और अन्दाज से भी अवगत रहती है। देश-विदेश में नाम और प्रशंसा के पात्र भी ये लोग बन सकते हैं।







महिलाओं के लिए वर्ष 2010 काफी व्यवस्थित और संतुलित रहेगा। मेहनत के बल पर आजीविका कारोबार में भी वे सहभागी होंगी।






महीनेवार भविष्य फल







जनवरीः इस महीने किसी मूल्यवान वस्तु के खर्च हो जाने से निराशा होगी। नये आदेश और काम का बोझ कष्टप्रद सिद्ध होगा। सम्भव है आजीविका बदलने का विचार बने। आपका व्यवहार खीझ भरा रहेगा। जो भी हो रहा है स्वयं को उससे अलग अनुभव करें। अपना ध्यान अन्य विषयों की ओर मोड़ देना ठीक होगा। बिजनस पार्टनर के व्यवहार में अप्रत्याशित बदलाव हो सकता है। सूझबूझ से स्थिति का लाभ उठाएं।







फरवरीः इस महीने उद्योग व्यापार में दिलचस्पी लेंगे। किसी का प्रेरक विचार आपकी मध्यस्थता को साकार कर सकता है। सीनियर के सामने अपनी सूझबूझ, लेन-देन और दूरदर्शिता का परिचय आपको तारीफ दिलाएगा। निकम्मे साथियों से दूर रहकर अपने दायित्वों से जुड़े रहेंगे। किसी अच्छे कारोबार के प्रति जुड़ाव अनुभव करेंगे। मानसिक अस्थिरता त्याग कर विगत को भुला दें तो ठीक होगा। नये प्रसंग भविष्य को सुखद आयाम देंगे। अपने खर्च में सावधानी रखें।







मार्चः इस महीने बुजुर्गों का अनुग्रह तथा आशीष प्रसन्नता देगा। किसी दावत का आमंत्रण उलझन पैदा करेगा। घर के अलावा किसी जगह से धन प्राप्ति के अवसर खोजेंगे। मशीनों और उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतें। चोट लग सकती है। अपने काम में चौकसी रखें। निकम्मे साथी का बहकावा अधिकारी के आक्रोश को बढ़ावा दे सकता है। चर्चाओं में आपकी आलोचना भविष्य में लाभदायक होगी।







अप्रैलः इस महीने अपने आर्थिक व्यवहार में सावधानी बरतें। आपका दिया दोगुना होकर लौटेगा। किसी से भेंट उत्साहवर्धक सिद्ध होगी। पारिवारिक जरूरतों से जुड़े खर्च में सावधान रहें, कहीं धोखा खा सकते हैं। जमीन आदी का कॉन्ट्रैक्ट हो सकता है, लेकिन जल्दबाजी में फैसला न करें। आपकी सूझबूझ और दूरदर्शिता से विरोधी भी प्रभावित होंगे। पारिवारिक कामों में रूचि लेंगे और अपने पर लगे आरोपों का निवारण करने में सूक्ष्म रहेंगे।







मईः इस महीने धन की कमी से परिवार में असुविधा होगी। घर में पडोसी की उपस्थिति को सीमित रखें। अधिक भरोसा ठीक नहीं है। आर्थिक मामलों के लिए किसी सीनियर से अपेक्षा न रखें। साथ ही ऐसे फैसले और चर्चाओं का पुनर्मूल्यांकन करें। स्वार्थ से ऊपर उठकर अपने भविष्य के कार्यक्रमों पर ध्यान दें। भावुकता को बढ़ावा देना ठीक नहीं होगा। आपकी क्षमता और सूझबूझ स्थिति को सुलझाने और स्थायित्व देने में सहायक होगी। स्पष्ट चर्चा करें। भविष्य को समुचित आकार दें।







जूनः इस महीने आजीविका के संबंध में कठिन चुनौतियों का सामना करें। स्पर्धा की तुलना में जो है वह अधिक महत्वपूर्ण और उपयोगी सिद्ध होगा। महत्वपूर्ण सूचना मिलेगी। यात्रा सम्भव है। समय नष्ट न करें और काम की ओर ध्यान दें। नया परिचय भावुक बना सकता है परन्तु वास्तविकता को महत्व दें। कार्यक्षेत्र की स्थितियां कठिन तथा जोखिम भरी हैं। मनोंरजन तथा सामाजिक कार्यक्रमों के लिए समय निकाल लेंगे। कोष में वृद्धि होगी। पारिवारिक सुख सभी को प्राप्त होगा। विरोधियों में कमी आएगी।







जुलाईः इस महीने छिटपुट अर्थप्राप्ति होगी। अपना पूर्व नियोजित काम पूरा करें और साथियों की आलोचना तथा विरोध को महत्व न दें। क्रय संबंधी गतिविधियां संतोष नहीं देंगी। सामाजिक संबंधों का निर्वाह प्रसन्नतावर्धक होगा। खुद फैसले लेने की अपेक्षा दूसरों की सलाह जरूर लें। आवेश से बचें और खुद पर काबू रखें। वातावरण का बदलाव प्रसन्नता देगा। भविष्य के विषय में सोच-विचार का अवसर मिलेगा।







अगस्तः इस महीने नए कार्यक्रम के प्रति उत्साहित और आनन्दित होंगे। किसी शुभ काम की प्रेरणा मिलेगी। स्पष्ट चर्चा करें और अनावश्यक चर्चाओं में समय नष्ट न करें। वांछित परिणाम मिल सकता है। आकांक्षा पूरी होगी। किसी महत्वपूर्ण वस्तु की प्राप्ति संभव है। व्यक्ति पहचानने में भूल न करें। किसी की सरलता का लाभ उठाने का लोभ ठीक नहीं। आपकी मनःस्थिति दूसरों पर स्पष्ट हो सकती है। किसी का सन्देश आपका महत्व बढ़ा देगा। आत्मसंयम से अपनी योजना को आकार दें। यह उपलब्धि किसी विजय से जुड़ी है।







सितम्बरः इस महीने आप भावनाओं को पहचानें और आनन्द लें। किसी कठिन समस्या का हल खोजने के लिए सहयोगी पाना कठिन होगा। किसी रूचिकर साथी का प्रस्ताव और सहायता स्वीकार करें। किसी भाषण और महत्वपूर्ण चर्चा का सुअवसर स्थिति बदल देगा। जिम्मेदारी प्राप्त होगी। सूझबूझ से समाज में स्थान बनाएं। अनावश्यक चर्चा से बचें। अपने कार्य को सहज गति से सम्पादित करें। किसी दूरवर्ती क्षेत्र से प्राप्त सूचना स्थिति संवार सकती है। किसी परिचय से प्रभावित हो सकते हैं।







अक्टूबरः इस महीने आजीविका की समस्या से संबंधित किसी को सलाह देने की भूल कर सकते हैं। व्यक्तित्व का प्रभाव बढ़ेगा। आर्थिक लाभ होगा। दावतों में अपने खान-पान को सीमित रखें। आदेशजनक स्थितियां आपकी गोपनीयता भंग कर देंगी। किसी कठिन आर्थिक समस्या का हल अनजाने ही हो जाएगा। अपने संकल्पित कार्यक्रम के पूरे होने के आनन्द के क्षणों का उपभोग करें। कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं। किसी नए व्यक्ति के प्रति सावधान रहें। मेल-मिलाप और मिठास धोखा दे सकती है।







नवम्बरः इस महीने अर्थव्यवस्था की मजबूती में भाग्य साथ देता रहेगा। अपनी शिथिलता को त्याग कर अधूरे काम को पूरा करना जरूरी होगा। अधिकारी या सीनियर्स की अप्रसन्नता के प्रति भी सावधानी रखें। जोखिम में रूचि लेंगे। किसी लेन देन के प्रति निकटता और भावुकता की स्थिति को सीमित रखें। आज की भूल भविष्य में उलझा देगी। सुख प्राप्ति का आकर्षण अपनी जिम्मेदारियों से भटका देगा। नौकर-चाकरों के प्रति व्यवहार में कोमलता बनाए रखें। बढ़ते दोस्त और पड़ोसियों का मेल मिलाप स्वार्थपूर्ण सिद्ध होगा।







दिसम्बरः इस महीने आर्थिक मामलों में सावधानी के साथ कदम उठाएं। किसी अतिथि के प्रति अनुदारता ठीक नहीं होगी। थकान और अस्वस्थता परेशान करेगी। इलाज जरूरी होगा। अधिक परिश्रम से बचें। छोटी सी यात्रा आनन्द और आत्मविश्वास भर देगी। काम करने की मनःस्थिति नहीं होगी। सन्तान के लिए धन खर्च होगा। चर्चाएं होंगी। कोई आपको उकसा रहा है, यह ध्यान रखें। जल्दबाजी के व्यवहार से कोई हानि या चोरी सम्भव है। किसी का प्रथम परिचय ही लाभदायक सिद्ध हो सकता है।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
 

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,, 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें